छत्तीसगढ़ व्यापमं की 20 सितंबर को आयोजित परीक्षा के प्रश्नपत्र में ‘नाउ’ शब्द के इस्तेमाल को लेकर सेन समाज ने आपत्ति दर्ज कराई है. यह शब्द एक प्रश्न या लोकोक्ति के संदर्भ में इस्तेमाल होने की बात सामने आई है.
गुरूर ब्लॉक में सेन समाज महिला प्रकोष्ठ की सचिव ममता सेन ने संबंधित प्राधिकरण से मामले का संज्ञान लेने और लिखित स्पष्टीकरण देने की मांग की है. उनका कहना है कि सेन समाज अपनी सामाजिक और पारंपरिक पहचान के लिए ‘नाई’ शब्द का प्रयोग करता है. ऐसे में प्रश्नपत्र में समाज के संदर्भ में ‘नाउ’ शब्द का इस्तेमाल आपत्तिजनक है.
ममता सेन के मुताबिक, आपत्ति का उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था पर आरोप लगाना नहीं है. समाज केवल अपनी पहचान से जुड़े शब्दों के इस्तेमाल पर संबंधित अधिकारियों के सामने पक्ष रखना चाहता है. उन्होंने कहा कि किसी समाज या समुदाय से जुड़े शब्दों का चयन करते समय उसके प्रचलित नाम, सामाजिक संदर्भ और स्वीकार्यता का ध्यान रखा जाना चाहिए.
इस मामले को लेकर राज्य के कई जिलों में सेन समाज की ओर से विरोध जताए जाने की जानकारी है. रायपुर में समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा.
समाज ने मांग की है कि आपत्ति को औपचारिक रूप से दर्ज किया जाए और प्रश्नपत्र में प्रयुक्त शब्द के संबंध में संबंधित प्राधिकरण से लिखित स्पष्टीकरण लिया जाए. इसके साथ ही नियमानुसार आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने की मांग भी की गई है.
