छत्तीसगढ़ में वक्फ संपत्तियों पर कथित कब्जे और उनकी प्रस्तावित CBI जांच को लेकर कांग्रेस नेता अनवर हुसैन ने वक्फ बोर्ड से स्पष्टीकरण मांगा है. उनका सवाल है कि जब जांच का प्रस्ताव राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र को भेजने की बात कही गई थी, तो उससे संबंधित फाइल और दस्तावेज बोर्ड कार्यालय में उपलब्ध क्यों नहीं हैं.

अनवर हुसैन रायपुर के हवलदार अब्दुल हमीद वार्ड के पूर्व पार्षद हैं. उनके मुताबिक, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने जून 2025 में रायपुर समेत प्रदेश की वक्फ संपत्तियों पर कथित अवैध कब्जों और फर्जी रजिस्ट्रियों की CBI जांच कराने की बात कही थी. उस समय 5,723 वक्फ संपत्तियों पर कब्जे और उनकी अनुमानित कीमत करीब 5 हजार करोड़ रुपए बताए जाने का दावा किया गया था.

RTI में दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने का जवाब

इस मामले में RTI के जरिए जांच प्रस्ताव, संबंधित मामलों की सूची और दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां मांगी गई थीं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वक्फ बोर्ड कार्यालय ने जवाब दिया कि इस विषय से जुड़ी कोई फाइल या दस्तावेज उसके पास उपलब्ध नहीं है.

बोर्ड अध्यक्ष के पूर्व बयानों के हवाले से बताया गया कि करीब 2 हजार संपत्तियों पर ऐसे किरायेदार काबिज हैं, जो किराया नहीं दे रहे हैं. इन संपत्तियों से सालाना लगभग 200 करोड़ रुपए राजस्व मिलने की संभावना जताई गई थी, जबकि वर्तमान में बोर्ड को करीब 5 लाख रुपए किराया मिलने का दावा किया गया था.

बोर्ड ने 562 कब्जाधारियों को नोटिस जारी किए थे. इनमें 125 लोगों ने जवाब दिया था, जबकि 437 को 30 मई 2025 तक अंतिम नोटिस भेजे जाने की बात कही गई थी.

RTI जवाब के बाद अनवर हुसैन ने पूछा कि CBI जांच का प्रस्ताव वास्तव में भेजा गया था या नहीं. उन्होंने संपत्तियों को कथित कब्जों से मुक्त कराने और किराया वसूली के लिए अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की.