रायपुर. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर छत्तीसगढ़ में दिखाई देने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार, 22 सितंबर को राज्य के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. पिछले 24 घंटे में भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई.

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम-मध्य और उससे लगे पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र सोमवार दोपहर तक उसी क्षेत्र में सक्रिय था. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है. इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और अगले 24 से 48 घंटे में गहरे अवदाब में बदलने की संभावना है. यह सिस्टम 23 सितंबर की सुबह के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के पास पहुंच सकता है.

बारिश के आंकड़ों के अनुसार, भैरमगढ़ में 5 सेंटीमीटर, गंगालूर में 4 सेंटीमीटर और बिहारपुर, रतनपुर, दुर्ग, बेलगहना तथा पेंड्रा रोड में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई.

रायपुर में बादल और गरज-चमक के आसार

राजधानी रायपुर में 22 सितंबर को आकाश आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है. शहर में एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है. अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

24 सितंबर को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भी तेज बारिश होने के आसार जताए गए हैं.