छत्तीसगढ़ में 26 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल बारिश को लेकर किसी क्षेत्र के लिए चेतावनी जारी नहीं की गई है. आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
हालांकि, 27 अक्टूबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. 28 और 29 अक्टूबर को एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने के संकेत हैं. इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
बंगाल की खाड़ी में बना मौसम सिस्टम
दक्षिण-पूर्व और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र और अधिक मजबूत होकर गहन अवदाब में बदल सकता है. इसके 26 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना बताई गई है. इसी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 27 अक्टूबर के बाद बारिश बढ़ने का अनुमान है.
अगले तीन दिनों के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. पिछले 24 घंटों में प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई.
रायपुर समेत प्रमुख शहरों का तापमान
रायपुर में अधिकतम तापमान 33.06 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा. माना एयरपोर्ट क्षेत्र में अधिकतम तापमान 32.2 और न्यूनतम 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा. बिलासपुर में तापमान 31.0 और 19.4, जबकि पेंड्रा रोड में 30.1 और 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
अंबिकापुर में अधिकतम 30.0 और न्यूनतम 13.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. जगदलपुर में 32.5 और 20.0, दुर्ग में 31.2 और 20.0 तथा राजनांदगांव में 32.5 और 21.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
