छत्तीसगढ़ में शनिवार, 7 नवंबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है. मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है.
रायपुर में सुबह और रात के समय गुलाबी ठंड महसूस की जा रही है. शुक्रवार को शहर में मौसम साफ रहा, हालांकि कुछ स्थानों पर बादल छाए रहे और कहीं-कहीं हल्की धूप भी निकली. आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट की संभावना जताई गई है. रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पिछले 24 घंटे में बारिश और तापमान
शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई. बारिश के आंकड़ों में सरायपाली में 3 सेंटीमीटर और कोंटा में 2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई.
प्रदेश में सबसे अधिक 31.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रायपुर में दर्ज किया गया. सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा. माना एयरपोर्ट रायपुर में अधिकतम 31 और न्यूनतम 22.8 डिग्री, बिलासपुर में 29.8 और 22.6 डिग्री, पेंड्रा रोड में 29.6 और 18.4 डिग्री तथा दुर्ग में 28.2 और 20.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ.
जगदलपुर में अधिकतम तापमान 26.4 और न्यूनतम 21.6 डिग्री, जबकि अंबिकापुर में अधिकतम 24.6 और न्यूनतम 19.7 डिग्री सेल्सियस रहा.
