छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी के बीच मौसम का मिजाज बदल गया है. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है. रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव समेत 29 जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है.
इसी बीच बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में बुधवार शाम बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई. लखोदना गांव में खेत में काम कर रहे मन्ना यादव और कुंजराम यादव इसकी चपेट में आ गए. दोनों साढ़ू भाई बताए गए हैं. मानपुर में बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े किसान जागेश्वर जगत पर भी बिजली गिर गई.
तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद दोनों गांवों में शोक का माहौल है.
रायपुर में तापमान 33.9 डिग्री
बुधवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा. यहां अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक था. न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री रहा. पेंड्रारोड में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
8 अक्टूबर को रायपुर में बादल छाए रहने के साथ बारिश, गरज-चमक और धूल भरी आंधी की संभावना है. अधिकतम तापमान करीब 34 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
