छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर समेत प्रदेश के 30 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान अचानक तेज हवाएं चलने की आशंका है, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव अधिक देखने को मिल सकता है. बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के आगे बढ़ने से अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई गई है.
रायपुर में बादल और बौछारों का अनुमान
21 सितंबर को रायपुर में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री रहने का अनुमान है. एक-दो स्थानों पर भारी बारिश से निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बन सकती है.
पिछले 24 घंटे में बालोद में सबसे अधिक 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. कवर्धा और कांकेर में 60-60 मिमी, सुकमा में 50 मिमी, जबकि जगदलपुर, मल्हारकोटा और अंबिकापुर में 40-40 मिमी बारिश हुई. रायपुर सहित कई अन्य इलाकों में भी बारिश दर्ज की गई.
बिजली गिरने से चार मौतें, तीन घायल
जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा क्षेत्र के महुदा गांव में शनिवार को बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और तीन ग्रामीण घायल हुए. मृतकों की पहचान नरेश खेरवार (24), राम भरोस पटेल (32) और तुलसी राम पटेल (51) के रूप में हुई. अंजू पटेल (26), दुलारा बाई (46) और बैशाखू खेरवार (32) का उपचार जारी है.
अकलतरा थाना क्षेत्र में CCI प्लांट के पास बिजली गिरने से दूज राम जाटवार (55) की भी मौत हुई.
बारिश और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़ के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.
