छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बिजली गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया. घटना शाम को मौसम अचानक बदलने के बाद एक निर्माणाधीन मकान के पास हुई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वहां दो बार बिजली गिरी और दूसरी बार काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए.

हादसे में लोरमी निवासी मनोहर यादव (20) की मौके पर ही मौत हो गई. बिलासपुर निवासी राहुल निषाद (24) गंभीर रूप से झुलस गए. उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

दुर्ग के कई इलाकों में हल्की धूप के बीच तेज बारिश हुई और कुछ जगह छोटे ओले भी गिरे. कोंडागांव में भी दिनभर धूप के बाद शाम को तेज हवा के साथ बारिश हुई. तेज हवाओं के कारण कई जगह टेंट उखड़ने की जानकारी है.

26 जिलों में गरज-चमक और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने रायपुर समेत प्रदेश के 26 जिलों में शाम से रात तक गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई. यह नाउकास्ट 6 अक्टूबर को शाम 6:20 बजे से रात 9:20 बजे तक के लिए जारी किया गया था.

अलर्ट वाले क्षेत्रों में बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, रायपुर, महासमुंद, बिलासपुर, रायगढ़, दुर्ग, जांजगीर-चांपा, कोरबा, जशपुर, मुंगेली, कबीरधाम, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत अन्य जिले शामिल हैं.

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून वापसी की रेखा रायपुर से गुजर रही है और ऊपरी हवा में सक्रिय सिस्टम के कारण बारिश की स्थिति बन रही है. अगले तीन दिन प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है. मंगलवार को राजनांदगांव सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री दर्ज किया गया. पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री रहा.