छत्तीसगढ़ में 10 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल और बांग्लादेश के पास बने चक्रवाती परिसंचरण के असर से बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इससे प्रदेश में नमी वाली हवाओं का प्रभाव बढ़ सकता है और कई इलाकों में बारिश तेज हो सकती है.
प्रदेश में गुरुवार को कई जगह हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बताया गया है. अगले दो दिनों में बारिश की गतिविधि और बढ़ने का अनुमान है. इस दौरान कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
पिछले 24 घंटे में पाली में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे में पाली, कोरबा में सबसे ज्यादा 40 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. बेलगहना, बिलासपुर में 30 मिलीमीटर, जबकि हरदीबाजार, कोरबा और नरहरपुर, कांकेर में 20-20 मिलीमीटर बारिश हुई.
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल किसी एक जिले को सबसे ज्यादा प्रभावित होने की बात नहीं कही गई है. सिस्टम की गतिविधि बढ़ने के साथ प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है.
आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी की सलाह
गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान तेज हवा चलने की भी आशंका है. ऐसे मौसम में खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.
रायपुर में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री
पिछले 24 घंटे में रायपुर में प्रदेश का सबसे अधिक 34.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. पेंड्रा रोड में सबसे कम 21.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.
रायपुर में 10 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है. यहां बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
प्रदेश में मानसून सीजन की कुल बारिश अभी सामान्य से 6 प्रतिशत कम है.
