छत्तीसगढ़ में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई. बालोद में खेत में काम कर रही एक महिला की जान चली गई, जबकि दो महिलाएं घायल हुईं. धमतरी के नगरी क्षेत्र में सड़क पर मौजूद चार लोगों पर बिजली गिरने से एक युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई. तीन घायलों का इलाज जारी है.
कांकेर में खेत में पेड़ के नीचे बैठे एक किसान की मौत हुई. बेमेतरा में तालाब के पास पेड़ के नीचे खड़े दो मजदूर भी बिजली गिरने की चपेट में आ गए.
कई जिलों में तेज हवा और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के प्रभाव से 24 सितंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. मध्य छत्तीसगढ़ में 24 और 25 सितंबर को बारिश बढ़ने का अनुमान है. अगले दो दिनों में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है.
कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली के कुछ हिस्सों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, कोरबा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही समेत कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की हवा चल सकती है.
खराब मौसम के चलते बस्तर जिले में 24 सितंबर को सभी सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूल बंद रहेंगे. इस दिन की त्रैमासिक परीक्षा अब परीक्षा समाप्त होने के बाद आने वाले अगले शाला दिवस पर होगी. जगदलपुर से हैदराबाद जाने वाली उड़ान भी रद्द कर दी गई है.
23 सितंबर को रायपुर में 10.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई. राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया. गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है.
