छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और तीन ग्रामीण घायल हुए हैं. मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, बालोद, कबीरधाम, राजनांदगांव और बीजापुर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है.
जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा क्षेत्र के महुदा गांव में शनिवार शाम हादसा हुआ. बताया गया है कि कुछ ग्रामीण बाड़ी में काम कर रहे थे. मौसम बदलने के बाद वे बारिश से बचने के लिए एक झोपड़ी में चले गए, जहां बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए.
मृतकों की पहचान नरेश खेरवार (24), राम भरोस पटेल (32) और तुलसी राम पटेल (51) के रूप में हुई है. घायलों में अंजू पटेल (26), दुलारा बाई (46) और बैशाखू खेरवार (32) शामिल हैं. पुलिस के पहुंचने के बाद घायलों को बलौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
अकलतरा थाना क्षेत्र में CCI प्लांट के पास बिजली गिरने से दूज राम जाटवार (55) की भी मौत हुई है.
रायपुर में भी बारिश की संभावना
राजधानी रायपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री रहने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में बना ऊपरी हवा का चक्रवाती सिस्टम आगे कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है. इसके बाद 21 सितंबर को अवदाब और 22 सितंबर को गहरे अवदाब में बदलने की संभावना है. इसके प्रभाव से 22 सितंबर से प्रदेश में बारिश बढ़ सकती है और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
बिजली और तेज हवा की आशंका के बीच लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी गई है.
