छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से 20 और 21 नवंबर को कई जिलों में बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने दोनों दिनों के लिए अलग-अलग जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है. बारिश के दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात दक्षिण बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना है और उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. इसके 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच पहुंचने की संभावना है. उस दौरान चक्रवात के आसपास हवा की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है.
प्रदेश में ठंड का असर
बुधवार को छत्तीसगढ़ में सबसे कम न्यूनतम तापमान बलरामपुर में 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री रहा. रायपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम रहा.
राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
