छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है. राजधानी रायपुर में बुधवार दोपहर मौसम अचानक बदला और गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई. मौसम विभाग ने प्रदेश के पांच जिलों में ऑरेंज और 25 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है.
राजनांदगांव, बालोद, बीजापुर, सुकमा और कांकेर में कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा या आंधी के साथ बारिश हो सकती है. अन्य कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, रायगढ़ और कोरबा समेत कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं, बिजली और बारिश की संभावना बताई गई है. बलरामपुर और कोरिया समेत 25 जिलों में हल्की बारिश के साथ अंधड़ की स्थिति बन सकती है.
24 सितंबर को सिस्टम का ज्यादा असर
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया 24 सितंबर की सुबह विशाखापट्टनम और गोपालपुर के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट से टकरा सकता है. इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
इस सिस्टम का असर 23 से 26 सितंबर तक रहने की संभावना है. दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ अंधड़ और बिजली गिरने का खतरा अधिक बताया गया है. मौसम खराब होने पर लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी जाती है.
