छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बना हुआ है और रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है. अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके विपरीत दुर्ग में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.

मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है. सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस हो रही है. सरगुजा संभाग में लोग ठंड से बचने के लिए सुबह और शाम अलाव का सहारा लेने लगे हैं. शाम के बाद बाजारों और सड़कों पर गर्म कपड़े पहनकर निकलने वालों की संख्या बढ़ी है.

रायपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम

रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अधिकतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री कम रहा. गुरुवार को रायपुर में मौसम साफ रहने का अनुमान है. अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 17 डिग्री रह सकता है.

ठंड बढ़ने के साथ रायपुर में गर्म कपड़ों का बाजार भी सज गया है. लोग जैकेट, स्वेटर और अन्य ऊनी कपड़ों की खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं. 12 नवंबर को रायपुर में सूर्योदय सुबह 6:13 बजे और सूर्यास्त शाम 5:24 बजे निर्धारित है.