छत्तीसगढ़ में नवंबर के आखिरी दिनों में ठंड बढ़ गई है. आसमान साफ रहने के कारण तापमान में गिरावट का दौर जारी है. उत्तरी इलाकों में सुबह और शाम ठंड अधिक महसूस की जा रही है, जिसके चलते लोग गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं.

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को अंबिकापुर में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सरगुजा संभाग के कई इलाकों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. इसके विपरीत सुकमा में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.

रायपुर में भी सुबह-रात ठंड बढ़ी

राजधानी रायपुर में सुबह और रात के समय ठंड धीरे-धीरे बढ़ रही है. 28 नवंबर को आसमान साफ रहने का अनुमान है. दिन का तापमान करीब 29 डिग्री और रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना जताई गई है. पिछले 24 घंटे में रायपुर का न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है. फिलहाल किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है.

मौसम विभाग के मुताबिक, गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इससे वहां बादल और बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ पर इसके प्रभाव की संभावना नहीं है.