छत्तीसगढ़ में 15 अक्टूबर से मौसम का मिजाज बदल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल गरजने-चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.
बुधवार को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा का अनुमान है. कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने इस दौरान तेज हवाओं के लिए चेतावनी जारी की है. हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. अगले दो दिनों तक मौसम में ऐसी गतिविधियां जारी रहने के आसार हैं.
पिछले 24 घंटे में मौसम शुष्क
मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा. रायपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा. अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. प्रदेश में बारिश के प्रमुख आंकड़े शून्य रहे, जबकि एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई.
रायपुर में गर्मी से मिल सकती है राहत
रायपुर में बुधवार को आकाश मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है. शहर में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. हालांकि 15 अक्टूबर से मौसम में बदलाव के कारण लोगों को दिन के तापमान और उमस से कुछ राहत मिलने की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक, ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय मौसमी प्रणालियों का असर प्रदेश में देखा जा रहा है. 5.8 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिमी हवाओं में द्रोणिका बनी हुई है. इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है.
