चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर कमजोर पड़ने के बाद उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड ने फिर जोर पकड़ा है. पिछले तीन दिनों में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री, पेंड्रारोड का 5 डिग्री और बिलासपुर का 3.5 डिग्री गिरा है. इसके उलट दक्षिण छत्तीसगढ़ में रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है.
जगदलपुर में इसी अवधि के दौरान न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री बढ़कर 20.1 डिग्री पहुंच गया. इसके साथ अंबिकापुर और जगदलपुर के रात के तापमान में 8.7 डिग्री का अंतर दर्ज किया गया. बुधवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा.
अंबिकापुर सबसे ठंडा, दुर्ग में सबसे अधिक तापमान
बुधवार को अंबिकापुर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री दर्ज किया गया. दुर्ग में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक था. अंबिकापुर में दिन का तापमान 25.3, पेंड्रारोड में 25.8, बिलासपुर में 28.3, जगदलपुर में 30.3 और राजनांदगांव में 29 डिग्री दर्ज हुआ.
19 नवंबर को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री था, जो तूफान के असर के दौरान बढ़कर 19.2 डिग्री पहुंच गया था. अब इसमें फिर तेजी से गिरावट आई है. वहीं, जगदलपुर में 22 नवंबर को रात का तापमान 15.9 डिग्री था, जो बुधवार को 20.1 डिग्री हो गया. यह सामान्य से 6 डिग्री अधिक है.
रायपुर में रात का तापमान सामान्य से अधिक
राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 18.9 डिग्री दर्ज किया गया. रात का तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा. माना एयरपोर्ट पर दिन का तापमान 29.1 और रात का 17.8 डिग्री दर्ज किया गया.
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल कोई सक्रिय मौसमी तंत्र नहीं है और अगले पांच दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है. गुरुवार को रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहने तथा दिन-रात का तापमान क्रमशः 30 और 18 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.
