छत्तीसगढ़ में मौसम साफ रहने के बाद रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड का असर सबसे ज्यादा रहा. बलरामपुर-रामानुजगंज में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अंबिकापुर में यह 8.9 और सूरजपुर में 11.7 डिग्री रहा.

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के 18 जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से कम रहा. धमतरी में 13, गरियाबंद में 12.3, रायगढ़ में 12.6 और कोरबा में 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के तापमान में अंतर

दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर और सुकमा में रातें अपेक्षाकृत गर्म रहीं. सुकमा में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री दर्ज हुआ. बलरामपुर और सुकमा के तापमान में 9.9 डिग्री का अंतर रहा.

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री दर्ज किया गया. अधिकतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री कम, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक रहा.

मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है. शनिवार को रायपुर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री रह सकता है.