रायपुर. छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ सुबह और देर रात ठंड का असर बढ़ने लगा है. फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है. राज्य में फिलहाल किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है.
राजधानी रायपुर में 13 नवंबर को आसमान साफ रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
बंगाल की खाड़ी में बन सकता है नया सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य अंडमान सागर और उससे सटे अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ऊपर ऊपरी वायु परिसंचरण सक्रिय है. इसके प्रभाव से 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है.
यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है. इसके 14 नवंबर तक स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र और 15 नवंबर के आसपास अवदाब में बदलने की संभावना जताई गई है. इसका असर आने वाले दिनों में दक्षिणी और मध्य हिस्सों के मौसम पर पड़ सकता है. हालांकि, उपलब्ध पूर्वानुमान के अनुसार छत्तीसगढ़ में अभी बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
सबसे कम तापमान अंबिकापुर में
पिछले 24 घंटे में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान सुकमा में 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा. इस दौरान राज्य में कहीं भी उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई.
गुरुवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 29.8 और न्यूनतम 17.3 डिग्री रहा. माना एयरपोर्ट में यह 29.2 और 15.2, बिलासपुर में 28.8 और 16.0, पेण्ड्रारोड में 28.4 और 13.8, जगदलपुर में 29.4 और 14.0, दुर्ग में 32.2 और 15.6 तथा राजनांदगांव में 29.5 और 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
