छत्तीसगढ़ में बादल छंटने और मौसम साफ होने के बाद रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ गई है. प्रदेश के 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. उत्तर छत्तीसगढ़ के साथ मैदानी इलाकों में भी रात के समय ठिठुरन महसूस की जा रही है.

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा. सूरजपुर में रात का पारा 9.4 डिग्री और सरगुजा में 9.2 डिग्री दर्ज किया गया. सूरजपुर का तापमान सामान्य से 7.1 डिग्री नीचे रहा.

मैदानी जिलों में बालोद का न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.6 डिग्री और बेमेतरा का 6.5 डिग्री कम दर्ज किया गया. हालांकि दिन में धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट नहीं आई.

बस्तर संभाग में रात का तापमान 19 से 21 डिग्री के बीच बना हुआ है. सुकमा में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया. प्रदेश के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के न्यूनतम तापमान में 12.2 डिग्री का अंतर रहा.

राजधानी रायपुर में मौसम साफ रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 15 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है. फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क है और कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का छत्तीसगढ़ के मौसम पर खास असर नहीं बताया गया है.