रायपुर. आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट पर चक्रवात मुरासु के पहुंचने के बाद छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 3 नवंबर को दक्षिणी और मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बस्तर संभाग में इसका असर अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना जताई गई है.
बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. बस्तर संभाग के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. मध्य छत्तीसगढ़ में भी बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर हल्की बारिश का पूर्वानुमान है.
3 और 4 नवंबर को आंधी-वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने 3 और 4 नवंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी है. इस दौरान तेज हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है और झोंकों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है.
पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश के अनेक इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है. इस अवधि में कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है.
रायपुर का मौसम
रायपुर में 3 नवंबर को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहने की संभावना है. शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
