छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बाद मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है. इस दौरान रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, हालांकि दिन के तापमान में बड़ी कमी के लिए अभी इंतजार करना होगा.
बारिश को लेकर प्रदेश के किसी भी इलाके के लिए चेतावनी जारी नहीं की गई है. पिछले 24 घंटों में भी राज्य में मौसम शुष्क रहा और कहीं बारिश दर्ज नहीं हुई.
रायपुर और अंबिकापुर का तापमान
गुरुवार को रायपुर में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा. रायपुर के लिए 23 अक्टूबर को मौसम साफ रहने और धूप खिलने का अनुमान है. शहर में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व और उससे लगे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तथा अंडमान द्वीप समूह के ऊपर ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है. इसके प्रभाव से 23 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्व और उससे लगे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है. यह सिस्टम आगे बढ़ते हुए और अधिक तीव्र हो सकता है.
