छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बीच मौसम शुष्क बना हुआ है. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के समय तेज धूप पड़ रही है, जिससे गर्मी का असर बढ़ा है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में रात के तापमान में गिरावट आ सकती है और ठंड का एहसास बढ़ेगा.
पिछले 24 घंटे में प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा. इस दौरान राजनांदगांव में सबसे अधिक 35.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस रहा. बस्तर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में रात के समय गुलाबी ठंड महसूस की जा रही है.
मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल छत्तीसगढ़ में कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है. इसलिए प्रदेश में मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है. विभाग ने अभी किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है.
दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई गई हैं. मानसून की वापसी की रेखा सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर गुजर रही है. इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश से दक्षिण बिहार होते हुए विदर्भ तक एक द्रोणिका बनी हुई है. इन मौसमी परिस्थितियों के बीच प्रदेश में मानसून की विदाई का सिलसिला जारी है.
