छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम में बदलाव के संकेत हैं. दक्षिण छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में बादल गरजने-चमकने के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है.
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हालांकि, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की बारिश हो सकती है.
पिछले 24 घंटे में ऐसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में अधिकतर स्थानों पर मौसम शुष्क रहा, जबकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई. रायपुर में सबसे अधिक 33.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. दुर्ग में भी अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रहा.
जगदलपुर में 33.2 डिग्री, माना में 32.9 डिग्री, बिलासपुर में 32.4 डिग्री और अंबिकापुर में 31 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा.
रायपुर का मौसम
रायपुर में दिन और रात के समय गर्मी महसूस की जा रही है. शनिवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है. शहर में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा कई क्षेत्रों से होकर गुजर रही है. अगले दो दिनों में पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनने की संभावना है.
