छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बाद मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है और कई इलाकों में गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 अक्टूबर को प्रदेश में आसमान साफ रहने और बारिश की कोई चेतावनी नहीं होने की संभावना है. इस दिन अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

अगले तीन दिनों के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है. इसके बाद बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है. पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 अक्टूबर से बारिश तेज होने की संभावना है. 28 और 29 अक्टूबर को एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्व और उससे सटे पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र आगे मजबूत हो सकता है. इसके 24 अक्टूबर तक अवदाब, 25 अक्टूबर तक गहन अवदाब और 26 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है. इसी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश बढ़ने का अनुमान है.

रायपुर और अन्य जिलों का तापमान

पिछले 24 घंटों में प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं बारिश दर्ज नहीं की गई. रायपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था.

माना एयरपोर्ट रायपुर में अधिकतम तापमान 32.2 और न्यूनतम 19.8 डिग्री, बिलासपुर में 31 और 19.4 डिग्री, पेंड्रा रोड में 30.1 और 16 डिग्री तथा अंबिकापुर में 30 और 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जगदलपुर में तापमान 32.5 और 20 डिग्री, दुर्ग में 31.2 और 20 डिग्री तथा राजनांदगांव में 32.5 और 21 डिग्री सेल्सियस रहा.