छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगभग थम गया है और प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी व उमस बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार अगले दो दिनों में मौसम में बड़े बदलाव की संभावना कम है. इस दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.

पिछले 24 घंटे में बीजापुर को छोड़कर छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहा. बीजापुर में हल्की बारिश दर्ज की गई.

रायपुर में 34 डिग्री तक तापमान

रायपुर में 3 अक्टूबर को आसमान साफ रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. 2 अक्टूबर को रायपुर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक था. न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा और दिनभर बारिश नहीं हुई.

बीते 24 घंटे में राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा. अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री दर्ज हुआ.

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं.