रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई जिलों में चार दिन के सूखे के बाद गुरुवार शाम बारिश हुई. बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली, लेकिन इसके रुकने के बाद रायपुर में कई जगह जाम की स्थिति बन गई.

मौसम विभाग के अनुसार, 11 सितंबर को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी है. अगले दो दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है.

दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में ज्यादा असर

अगले दो दिनों में दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश का दायरा और तीव्रता दोनों बढ़ सकती हैं. इन इलाकों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश के दौर आने की संभावना है. भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी.

प्रदेश के दूसरे हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है. तेज बारिश के दौरान स्थानीय स्तर पर जलभराव की स्थिति बन सकती है.

रायपुर में बादल और बारिश के दौर

रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने और कुछ समय बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

गुरुवार को दुर्ग में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान भी दुर्ग में 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा. बारिश और बादलों के कारण कई इलाकों में तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई.

मौसम विभाग के मुताबिक, इस सीजन में प्रदेश में अब तक सामान्य से 6% कम बारिश हुई है. अगले दो दिनों की बारिश से इस कमी में कुछ कमी आने की संभावना है.