बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर दिखाई देने लगा है. सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. मौसम विभाग ने 22 सितंबर से दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है.

अगले दो दिनों के दौरान एक-दो स्थानों पर तेज हवा, गरज-चमक और वज्रपात के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, कम दबाव का क्षेत्र आगे चलकर चक्रवाती तूफान अर्नब में बदल सकता है.

यह सिस्टम पश्चिम-मध्य और उससे लगे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना है. इसके साथ चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है. इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने का अनुमान है. अगले 24 घंटे में इसके अवदाब और उसके बाद के 24 घंटे में गहरे अवदाब में बदलने की संभावना जताई गई है. 23 सितंबर की सुबह तक इसके उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के पास पहुंचने का अनुमान है.

कई इलाकों में दर्ज हुई बारिश

पिछले 24 घंटे में भैरमगढ़ में सबसे अधिक 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. गंगालूर में 40 मिलीमीटर, जबकि बिहारपुर, रतनपुर, दुर्ग, बेलगहना और पेंड्रारोड में 30-30 मिलीमीटर बारिश हुई. रायपुर में 0.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई.

रायपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.2 डिग्री रहा. मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है. 24 सितंबर को बस्तर संभाग में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.

भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवा के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है.