छत्तीसगढ़ में लौटते मानसून के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है. एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी बताई गई है.
पिछले 24 घंटे में उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश हुई. रायपुर के रायपुरा और माना इलाके में बीती शाम कुछ देर बारिश हुई, जबकि सड्डू में हल्की वर्षा के साथ ओले भी गिरे. राजधानी के कई हिस्सों में बादल गरजते रहे और कुछ जगह धूप भी निकली.
दुर्ग और बिलासपुर जिले में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई. विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर आगे बढ़ रही है.
मौसम में बदलाव की वजह
दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसके प्रभाव से उत्तर बंगाल की खाड़ी तक द्रोणिका सक्रिय है. दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे छत्तीसगढ़ के ऊपर भी इसी ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना है.
रायपुर का संभावित तापमान
राजधानी रायपुर में आसमान सामान्यतः साफ रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना रहेगा, हालांकि अगले दो दिनों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश से मौसम में अस्थायी बदलाव हो सकता है.
