छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार कमजोर पड़ने से राजधानी रायपुर समेत कुछ शहरों में तापमान बढ़ गया है. कई इलाकों में लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश से राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक प्रदेश में बारिश की तीव्रता कम रहने की संभावना है. इसके बाद बारिश की गतिविधियों में फिर बढ़ोतरी हो सकती है.
अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, इस सीजन में प्रदेश की मौसमी वर्षा सामान्य रही है, लेकिन यह सामान्य से 5 प्रतिशत कम दर्ज की गई है.
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में 15 सितंबर को अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. 16 सितंबर को आकाश आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने की संभावना है. शहर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
मंगलवार को कहां हुई बारिश
मंगलवार को रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई. जगदलपुर में सबसे अधिक 6 सेंटीमीटर बारिश हुई. घुमका में 4 सेंटीमीटर, कुटरू में 2 सेंटीमीटर और दाढ़ी, बकावंड तथा धमधा में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई.
राजनांदगांव 35 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
सक्रिय मौसम तंत्र
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणिका दक्षिण-पूर्वी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्र में बने निम्न दबाव वाले क्षेत्र के केंद्र से होकर उदयपुर, रायसेन, पेंड्रा रोड, रांची और दीघा तक फैली है. इसके बाद यह दक्षिण-पूर्व दिशा में उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक जा रही है. बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है.
