छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के संकेत मिलने लगे हैं. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं. इस बीच अधिकांश इलाकों में बारिश का दौर थम गया है और गर्मी के साथ उमस महसूस की जा रही है.

पिछले 24 घंटे में बीजापुर को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहा. राजनांदगांव में अधिकतम तापमान सबसे अधिक दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान सबसे कम रहा. उत्तर छत्तीसगढ़ के पहाड़ी इलाकों में रात के तापमान में हल्की राहत बनी हुई है. मैदानी क्षेत्रों में दिन और रात दोनों समय तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहा.

रायपुर में 4 अक्टूबर को आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. तेज धूप के कारण दिन में गर्मी का असर बना रह सकता है. इससे पहले 3 अक्टूबर को रायपुर में दिनभर बारिश नहीं हुई थी.

7 अक्टूबर तक बारिश का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार 4 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. 5 अक्टूबर को एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 6 और 7 अक्टूबर को भी प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. इन दोनों दिनों के लिए भी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.

अगले दो दिनों में मौसम शुष्क रहने के कारण तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.