रायपुर. दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के बीच छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बना हुआ है और दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. बुधवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, पेंड्रारोड में रात का तापमान सबसे कम 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा.

राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है. यहां न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक दर्ज किया गया. रायपुर में दिनभर बारिश नहीं हुई और औसत हवा की गति दो किलोमीटर प्रति घंटा रही.

प्रमुख शहरों में तापमान

अधिकतम तापमान के मामले में जगदलपुर में 33, माना विमानतल में 33.2, दुर्ग में 32.8, बिलासपुर में 32.2, पेंड्रारोड में 31.5 और अंबिकापुर में 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

न्यूनतम तापमान पेंड्रारोड में 18.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम है. दुर्ग में रात का तापमान 21.6 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम रहा. अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.3 और जगदलपुर में 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

अगले दो-तीन दिनों में मानसून की विदाई के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं. गुरुवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. रायपुर में एक अक्टूबर को मौसम मुख्यतः साफ रहने तथा अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.