छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के संकेत मिलने लगे हैं. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं. अगले दो दिनों तक राज्य में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है.

शुक्रवार को बीजापुर को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहा. बीजापुर में बहुत हल्की वर्षा दर्ज की गई. विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए राज्य में किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है.

तापमान में दिखा अंतर

रायपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक था. न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री रहा और यह सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक था. राजनांदगांव में 34.3 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे अधिक तापमान दर्ज हुआ.

पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे कम था. अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.5, जगदलपुर में 21.6 और दुर्ग में 21.4 डिग्री दर्ज किया गया. बिलासपुर में अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम 23.7 डिग्री रहा. माना एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 33.8 और न्यूनतम 24.4 डिग्री दर्ज हुआ.

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की वापसी की रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया से होकर आगे बढ़ रही है. अगले 24 घंटे में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों, गुजरात और मध्य प्रदेश के अधिकांश भागों से मानसून की वापसी के लिए स्थितियां बन सकती हैं. छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी ऐसी स्थिति बनने का अनुमान है.

रायपुर में मौसम का अनुमान

3 अक्टूबर को राजधानी में मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. शुक्रवार को रायपुर में सुबह और शाम वर्षा शून्य दर्ज की गई. आसमान में बादलों की मात्रा करीब 10 प्रतिशत रही और दिन में औसत हवा की गति दो किलोमीटर प्रति घंटा रही.