छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के संकेत मिलने लगे हैं. मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं. इस दौरान राज्य में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है.

प्रदेश के किसी भी जिले के लिए फिलहाल बारिश या खराब मौसम की चेतावनी जारी नहीं की गई है. पिछले 24 घंटे में भी राज्य के लगभग पूरे हिस्से में मौसम सूखा रहा. विभाग ने अगले दो दिनों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने का अनुमान जताया है.

रायपुर में साफ मौसम की संभावना

2 अक्टूबर को रायपुर में मौसम साफ रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. एक दिन पहले रायपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.

गुरुवार को राजनांदगांव प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री रहा. बिलासपुर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 32.8 और 23.6 डिग्री, जबकि अंबिकापुर में 31 और 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की वापसी की रेखा आगे बढ़ रही है. अगले 48 घंटे में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों के साथ छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भी वापसी के लिए स्थितियां बन सकती हैं.