छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर अब कमजोर पड़ने लगा है. सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की संभावना नहीं है. तेज धूप के कारण मैदानी इलाकों में गर्मी और उमस बढ़ने की स्थिति है. मौसम विभाग ने दिन के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है.
अगले दो से तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां कम रहने का अनुमान है. हालांकि, दो दिन बाद प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. अगले दो दिनों में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका बनी रह सकती है.
रायपुर और प्रमुख शहरों का तापमान
रायपुर में मौसम साफ रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. रविवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से लगभग 2 डिग्री अधिक था. न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री दर्ज किया गया और दिनभर बारिश नहीं हुई.
पिछले 24 घंटे में राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया. बिलासपुर में 33.4, दुर्ग में 33.5, जगदलपुर में 32.6 और माना एयरपोर्ट पर 33.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ.
रात के तापमान में क्षेत्रीय अंतर बना हुआ है. अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री और पेंड्रा रोड में 18.4 डिग्री रहा. मौसम विभाग के अनुसार, 4 अक्टूबर से छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी शुरू हो गई है. अगले दो-तीन दिनों में इसके कुछ और हिस्सों से लौटने के लिए परिस्थितियां अनुकूल रहने की संभावना है.
