छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो गई है. मौसम विभाग के अनुसार, 9 अक्टूबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
10 अक्टूबर के लिए मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है. ऐसे में प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने और आकाश साफ रहने की संभावना है. हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधि बनी रह सकती है.
रायपुर और अन्य जिलों का तापमान
राजधानी रायपुर में आसमान साफ रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर महसूस होने की संभावना है.
पिछले 24 घंटों में उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. गुरुवार को राजनांदगांव 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा. जगदलपुर में 33.6, माना एयरपोर्ट में 33.4, पेंड्रारोड में 32.6, दुर्ग में 32.2 और अंबिकापुर में 31.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
बारिश के आंकड़ों के अनुसार कुसमी में 5 सेंटीमीटर, चांदो में 3 सेंटीमीटर और लाभांडी, रामचंद्रपुर, बेलतरा व दुर्ग में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई. विभाग के मुताबिक चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से मौसमी गतिविधियों में बदलाव आया है.
