छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों से मानसून लौट सकता है. फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है, हालांकि दो दिन बाद कुछ इलाकों में बूंदाबांदी के संकेत हैं.

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में 4 अक्टूबर को आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मौसम विभाग ने फिलहाल प्रदेश के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है.

अक्टूबर में मानसून की विदाई के बाद मौसम में धीरे-धीरे बदलाव आने की संभावना है. दिन के समय गर्मी बनी रह सकती है, जबकि रात के तापमान में कमी आने से हल्की ठंडक महसूस होगी. नवंबर के पहले सप्ताह में रातें और ठंडी होने का अनुमान है. दीपावली के आसपास दिन अपेक्षाकृत आरामदायक और रात में हल्की ठंड रहने के आसार हैं.

पिछले 24 घंटे में बारिश नहीं

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई. रायपुर के आसपास का क्षेत्र सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा.

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून वापसी की रेखा तेजी से आगे बढ़ रही है. अगले कुछ दिनों में छत्तीसगढ़ के साथ मराठवाड़ा, विदर्भ, तेलंगाना और कर्नाटक से मानसून की वापसी के लिए भी स्थितियां अनुकूल हो सकती हैं.

जिलों में बारिश का अलग-अलग वितरण

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बलरामपुर में 1,556.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जो औसत का 165.3 प्रतिशत है. कुल वर्षा के मामले में नारायणपुर 1,720.2 मिलीमीटर के साथ आगे रहा.

इसके विपरीत बेमेतरा में 674.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जो औसत का 80.4 प्रतिशत है. रायपुर में 1,307.4 मिलीमीटर यानी सामान्य से 135.4 प्रतिशत, गरियाबंद में 1,463.7 मिलीमीटर यानी 130.7 प्रतिशत और बालोद में 1,311.8 मिलीमीटर यानी 121.6 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई.