रायपुर. छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी का दौर जल्द शुरू होने के संकेत मिले हैं. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे में राज्य के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं. हालांकि, अभी राज्य के किसी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.

गुरुवार को पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहा और किसी भी इलाके में उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई. बारिश का दौर थमने के बाद दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई है, जिससे लोगों को गर्मी महसूस हो रही है. दूसरी ओर, रात के तापमान में गिरावट के कारण कुछ इलाकों में हल्की ठंड का एहसास होने लगा है.

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में 2 अक्टूबर को आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई है. शहर में बारिश की फिलहाल कोई संभावना नहीं बताई गई है. अगले 24 घंटे के दौरान भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं.

पिछले 24 घंटों में राजनांदगांव 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा. वहीं, पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इससे राज्य में दिन और रात के तापमान के बीच बड़ा अंतर बना हुआ है.

मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की वापसी की रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया से होकर आगे बढ़ रही है. अगले 48 घंटे में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों, गुजरात और मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों समेत कई अन्य क्षेत्रों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनने की संभावना है. इसी क्रम में बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी वापसी के संकेत हैं.