रायपुर. छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का दौर जारी है. राज्य के कई हिस्सों से मानसून लौट चुका है और फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में भी अधिकांश इलाकों में बारिश की संभावना कम है.

रायपुर में साफ रहेगा आसमान

5 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास बढ़ सकता है, जबकि आने वाले दिनों में रात के समय ठंडक बढ़ने के संकेत हैं.

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और बारिश का आंकड़ा शून्य दर्ज किया गया. राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. फिलहाल राज्य में मौसम संबंधी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो-तीन दिनों में महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ के अधिकांश हिस्सों के साथ छत्तीसगढ़ के कुछ और इलाकों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं. मानसून वापसी की रेखा सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर गुजर रही है.