छत्तीसगढ़ में 10 अक्तूबर को अधिकतर स्थानों पर मौसम शुष्क रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, आसमान सामान्यतः साफ रह सकता है और दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना रहेगा. हालांकि, प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है.
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा दर्ज की गई. उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश भी हुई.
अगले तीन दिनों का पूर्वानुमान
अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है. इसके बाद एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है. कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की स्थिति बन सकती है.
मौसम में बदलाव का संबंध दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी, ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका की सक्रियता से बताया गया है. दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसका प्रभाव उत्तर बंगाल की खाड़ी तक बनी द्रोणिका के साथ देखा जा रहा है.
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में आसमान साफ रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. दिन के समय धूप तेज रहने से गर्मी महसूस होगी. अगले तीन दिनों के दौरान रायपुर समेत कुछ स्थानों पर मौसम में बदलाव और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी.
