रायपुर. बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान के कमजोर पड़ने के बाद छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. बारिश का दौर थमने के साथ प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है. सुबह और रात के समय कई इलाकों में हल्की ठंड महसूस की जा रही है.
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले तीन दिनों में छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है. इसके बाद तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है.
पिछले 24 घंटे का मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. कोहकामेटा में सबसे अधिक 4 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई. इस अवधि में रायपुर और माना में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया.
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम
7 नवंबर को रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है. शहर का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस होने के आसार हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी तेलंगाना और उससे सटे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर ऊपरी वायु में चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है. यह समुद्र तल से करीब 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर है, लेकिन फिलहाल इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बड़े मौसमी बदलाव के संकेत नहीं हैं.
