रायपुर. छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में वर्षा की तीव्रता अधिक रह सकती है. एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है.
मौसम में बदलाव का असर अचानक तेज बारिश के रूप में दिख सकता है. रायपुर में शुक्रवार को आकाश सामान्यतः मेघमय रहने और कुछ दौर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है.
बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का असर
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास बना निम्न दबाव क्षेत्र अभी उसी क्षेत्र में सक्रिय है. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 9.4 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है. इसके प्रभाव से दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों के दौरान बारिश बढ़ने की संभावना है.
गुरुवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक था. न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री रहा और यह सामान्य से 2 डिग्री अधिक था. शहर में दिन के दौरान 1.6 मिलीमीटर और शाम तक 31.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
प्रदेश में सबसे अधिक 34.6 डिग्री तापमान दुर्ग में दर्ज हुआ. पखांजूर में 5 सेंटीमीटर बारिश हुई, जो इस अवधि में सबसे अधिक थी. सोनहत और मालखरौदा में 40-40 मिलीमीटर, जबकि बिहारपुर, भोपालपट्टनम, जाभरा और सूरजपुर में 30-30 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई.
