छत्तीसगढ़ में रात के साथ अब सुबह भी हल्की ठंड महसूस होने लगी है. प्रदेश के उत्तरी इलाकों में तापमान में गिरावट ज्यादा दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे रात के तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री तक गिर सकता है. इससे सुबह और रात के समय ठंड का अहसास बढ़ेगा.
गुरुवार को प्रदेश में कहीं बारिश दर्ज नहीं हुई. अगले पांच दिनों तक मौसम सूखा रहने का अनुमान है. अंबिकापुर में रात का तापमान 13.6 डिग्री रहा और यह प्रदेश में सबसे कम था. यहां पिछले 24 घंटे में करीब दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहा, जबकि एक दिन पहले यह 18.2 डिग्री था.
अन्य प्रमुख शहरों में माना एयरपोर्ट पर न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री, जगदलपुर में 20 डिग्री, बिलासपुर में 20.6 डिग्री और दुर्ग में 20.2 डिग्री दर्ज किया गया. राजनांदगांव में रात का तापमान 22 डिग्री रहा. रायपुर के लालपुर में न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री दर्ज हुआ, जो पिछले दिन के बराबर है. इससे स्पष्ट है कि फिलहाल उत्तरी छत्तीसगढ़ में रातें रायपुर और आसपास के इलाकों की तुलना में अधिक ठंडी हैं.
दक्षिण भारत में बारिश, छत्तीसगढ़ में मौसम सूखा
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु तट के पास चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे में वहां कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है. उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश तक एक द्रोणिका भी बनी है. इन मौसमी प्रणालियों से दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है, लेकिन छत्तीसगढ़ पर इसका विशेष प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है.
अक्टूबर के अंतिम दिनों में छत्तीसगढ़ में तापमान पहले भी काफी नीचे जा चुका है. अंबिकापुर में 31 अक्टूबर 1954 को न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज हुआ था. रायपुर में 27 अक्टूबर 2009 को पारा 15.4 डिग्री तक पहुंचा था. रायपुर का अब तक का सबसे कम तापमान 13.9 डिग्री है, जो 30 अक्टूबर 1933 को दर्ज किया गया था.
मौसम विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी एमएल साहू के अनुसार अक्टूबर में मानसून की विदाई के बाद मौसम शुष्क होने में कुछ समय लगता है. इसके बाद दूसरे पखवाड़े से ठंड की शुरुआत होती है.
