छत्तीसगढ़ में पांच दिन के अंतराल के बाद मौसम में फिर बदलाव के संकेत हैं. मौसम विभाग के अनुसार 18 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना भी जताई गई है.
19 सितंबर से बारिश का वितरण और इसकी तीव्रता बढ़ने के आसार हैं. विभाग ने इस दौरान मेघगर्जन की गतिविधियों में भी वृद्धि की संभावना बताई है.
नए मौसम तंत्र का असर
मौसम में बदलाव का संबंध उत्तरी थाईलैंड के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण से बताया गया है. इसके 18 सितंबर की शाम के आसपास उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर पहुंचने की संभावना है. इसके प्रभाव से 19 सितंबर की शाम के आसपास उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बन सकता है.
यह मौसम प्रणाली अगले तीन-चार दिनों में धीरे-धीरे मजबूत होकर दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ सकती है.
राजधानी रायपुर में 18 सितंबर को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
पिछले 24 घंटों में प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज हुई. पेंड्रा रोड, सल्हेवारा और चांपा में 20-20 मिलीमीटर बारिश हुई. कुनकुरी, रामानुजगंज, रेंगाखार कला और रघुनाथ नगर में 10-10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. बिलासपुर में 34.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सर्वाधिक तापमान रहा.
