छत्तीसगढ़ में रविवार को मौसम के बदलते मिजाज के बीच कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है. अगले दो दिनों तक मौसम ऐसा ही बने रहने के आसार हैं.
इन जिलों में अलर्ट
बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव और गरियाबंद में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका जताई गई है. इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट बताया गया है.
सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, रायगढ़, दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है.
22 से 25 सितंबर तक व्यापक बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक 19 सितंबर से अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इसके अगले 24 घंटे में निम्न दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है. सिस्टम के आगे बढ़ने और मजबूत होने पर 22 से 25 सितंबर के बीच छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश हो सकती है. 22 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है.
राजधानी रायपुर में रविवार को बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है. अधिकतम तापमान करीब 34 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. पिछले दौर में रायपुर शहर में 3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि मानपुर में सबसे अधिक 6 सेंटीमीटर बारिश हुई. नारायणपुर में 4 सेंटीमीटर और कुछ अन्य स्थानों पर 3 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई.
