छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के आसार हैं. बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र मजबूत होकर 22 सितंबर तक गहन अवदाब में बदल सकता है. इसके प्रभाव से 23 सितंबर से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है.
मौसम विभाग के अनुसार, यह मौसमी तंत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और 23 सितंबर की सुबह तक उत्तरी आंध्र प्रदेश तथा दक्षिणी ओडिशा के तटीय क्षेत्रों के पास पहुंच सकता है. इसके असर से छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में नमी बढ़ रही है.
रायपुर में उमस के बीच हल्की बारिश
राजधानी रायपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक था. न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा. बादलों की आवाजाही के बीच पिछले 24 घंटों में हल्की बारिश हुई. सोमवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
पिछले 24 घंटों में राज्य के अलग-अलग संभागों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. डिंडगढ़ में 70 मिलीमीटर, तोंगपाल और छोटे डोंगर में 60-60 मिलीमीटर, जबकि नारायणपुर और सुकमा में 50-50 मिलीमीटर बारिश हुई. पेंड्रा रोड में 38 और जगदलपुर में 43.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई.
बिलासपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. अगले 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी वज्रपात की आशंका है. मौसम खराब होने पर किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
