छत्तीसगढ़ में 30 अक्टूबर को मौसम खराब रहने का अनुमान है. प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
रायपुर में आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहने का अनुमान है. शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. यहां अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है.
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई. सुकमा, कोंटा, नेरहरपुर और धपथौरा में 7 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज हुई. तोकापाल, दोरनापाल, केशकाल, छिंदगढ़ और कांके समेत कुछ स्थानों पर 6 सेंटीमीटर बारिश हुई. कई अन्य इलाकों में 4 से 5 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों के बाद भी प्रदेश में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवाओं की आशंका बनी रहेगी.
पिछले दिन रायपुर के माना एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 28.6 और न्यूनतम 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बिलासपुर में अधिकतम तापमान 29.6 और अंबिकापुर में 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा.
