छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां एक बार फिर बढ़ गई हैं. गुरुवार को राजधानी रायपुर समेत रायपुर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई. दुर्ग, गरियाबंद, धमतरी और जगदलपुर में भी बारिश दर्ज की गई. दिन में हुई बारिश से लोगों को तेज गर्मी से कुछ राहत मिली और तापमान में गिरावट आई.

मौसम विभाग के अनुसार, 11 और 12 सितंबर को रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में ऑरेंज और रेड अलर्ट रहेगा. अगले तीन दिनों में प्रदेश के तापमान में करीब 4 डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान है. 14 सितंबर तक राज्य में छिटपुट बारिश का दौर जारी रह सकता है.

राजधानी रायपुर में गुरुवार दोपहर से शाम तक रुक-रुककर बारिश हुई. शहर से सटे बाहरी इलाकों में भी बारिश दर्ज की गई. पिछले 24 घंटे में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई.

इस दौरान पखांजूर में सबसे ज्यादा 53 मिलीमीटर, सोनहत में 39.4 मिलीमीटर और मालखरौदा में 37 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.