छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी से सक्रिय मौसम प्रणाली का असर बना हुआ है. गुरुवार को दक्षिण-मध्य छत्तीसगढ़ में दिनभर मौसम बदला रहा और राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश हुई. इसके चलते तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई.

मौसम विभाग के अनुसार, 25 सितंबर को रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट है. अगले 24 घंटे के दौरान कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश का असर

पिछले 24 घंटे में दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिकांश स्थानों पर बारिश दर्ज की गई. एक-दो जगहों पर भारी बारिश भी हुई. बारिश के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है.

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिण ओडिशा के ऊपर बना डीप डिप्रेशन करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा था. 24 सितंबर की सुबह 11:30 बजे यह 18.7 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 83.4 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास केंद्रित था.

प्रदेश में अब तक कुल बारिश सामान्य से करीब 6 फीसदी कम दर्ज की गई है. विभाग ने अगले 24 घंटे में बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए सावधानी बरतने को कहा है.