छत्तीसगढ़ में मानसूनी बारिश की गतिविधियां पहले के मुकाबले कम हो गई हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 16 सितंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है.

पिछले 24 घंटे में रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का असर बने रहने का अनुमान जताया है.

राजनांदगांव में तापमान 35 डिग्री

बारिश की गतिविधियां घटने के साथ प्रदेश के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. पिछले 24 घंटे में राजनांदगांव 35°C के अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा. वहीं, पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21°C दर्ज किया गया.

राजधानी रायपुर में 16 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 33°C और न्यूनतम तापमान लगभग 25°C रहने का अनुमान है.

सीजनल बारिश सामान्य से 5% कम

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अब तक की सीजनल बारिश सामान्य से 5% कम है. बारिश सामान्य स्तर के आसपास है, लेकिन इसमें मामूली कमी दर्ज की गई है. विभाग के अनुसार, बारिश की गतिविधियां कम होने के कारण आने वाले दिनों में इस कमी में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.